मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने नागरिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपना फॉर्म भरकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक अपने घर बैठे आसानी से "स्व-गणना" सुविधा का लाभ उठा सकता है। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने बताया कि स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक बिना किसी फील्ड कर्मी के घर आए, स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग करते हुए इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और समय रहते अपना जनगणना फॉर्म भरें। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की शुद्धता एवं विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होगी। कलेक्टर ने यह भी बताया कि स्व-गणना करने के लिए नागरिकों को केवल जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करना होगा, आवश्यक जानकारी भरनी होगी और फॉर्म को सबमिट करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित एवं सरल है। कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे "स्व-गणना" को अपनाएं और जनगणना को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।