हरवार । जहां आस्था और प्रकृति का संगम हर साल एक नई मिसाल पेश करता है। बैसाखी अमावस्या पर एक बार फिर सजने जा रहा है जलेश्वर महादेव का दिव्य दरबार। नीमच जिले के हरवार क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक तीर्थ जलेश्वर महादेव में 17 अप्रैल 2026, शुक्रवार को भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। ग्राम पंचायत हरवार के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह मेला हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा और भक्ति की गूंज से सराबोर रहेगा। “जहां आस्था हो अटूट, वहां चमत्कार भी होते हैं भरपूर” कुछ ऐसा ही विश्वास है जलेश्वर महादेव को लेकर, जहां भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और “भोलेनाथ” से आशीर्वाद पाते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह पावन स्थल पहाड़ियों के बीच स्थित है, जहां सालों भर झील में जल प्रवाहित होता रहता है मानो प्रकृति खुद यहां भगवान शिव का अभिषेक कर रही हो। मान्यता है कि यहां के पवित्र जल से स्नान करने पर चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। “दूर-दूर से उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब" :- नीमच, मंदसौर और प्रतापगढ़ से सीधी बस सेवाओं के माध्यम से भक्त बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं और दर्शन लाभ लेते हैं। जलेश्वर महादेव न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह प्राचीन काल से साधु-संतों की तपोभूमि भी रहा है जहां आज भी श्रद्धा की गूंज और प्रकृति की शांति एक अद्भुत अनुभूति कराती है। तो इस बैसाखी अमावस्या पर आप भी आइए जलेश्वर महादेव और पाएं आस्था, प्रकृति और शांति का अद्भुत संगम।