मंदसौर । कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश (भारतीय सेना) 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी मंदसौर द्वारा बताया गया कि मेजर जनरल जे.पी. सिंह, एडीजी, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी, ब्रिगेडियर संजीव कुमार तथा कर्नल ज्योति प्रकाश 5 मध्य प्रदेश एनसीसी बटालियन, मंदसौर ने इस परियोजना के संबंध में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात की।
बैठक के दौरान मंदसौर में एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना पर विस्तृत चर्चा हुई। इस पहल को लेकर मंत्री देवड़ा ने सिद्धांततः सहमति प्रदान की। साथ ही, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी डायरेक्टरेट द्वारा परियोजना के लिए शीघ्र ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। यह पहल इंदौर और उज्जैन संभाग के क्षेत्रों के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा, इससे उन्हें उच्च स्तरीय एनसीसी प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जो न केवल उनके कौशल विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा में बेहतर रोजगार और करियर के अवसर भी प्रदान करेगा।