कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्राम सांडा में तालाब व स्टॉप डेम निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

Neemuch headlines April 15, 2026, 5:57 pm Technology

नीमच । कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को रतनगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोराई के ग्राम सांडा में 12.13 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टॉप डैम (एनीकट) का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही स्टॉप डैम निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन नहीं करने पर जनपद पंचायत सीईओ जावद, संबंधित उपयंत्री श्री प्रशांत गुप्ता एवं संबंधित सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्टॉप डैम निर्माण में अब तक हुए कार्य का पुनः मूल्यांकन करवाने के निर्देश भी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को दिए। कलेक्टर ने ग्राम सांडा में ही वन क्षेत्र से लगी पहाड़ियों के नीचे 38 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन तालाब का भी मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल चयन की सराहना करते हुए कहा कि इस तालाब के निर्माण से बड़ी मात्रा में जल भंडारण हो सकेगा तथा वन्य प्राणियों के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। उपयंत्री ने अवगत कराया कि इस तालाब का निर्माण कार्य डेढ़ माह में पूर्ण हो जाएगा। तालाब की पाल की ऊंचाई 8 मीटर रहेगी और लगभग 10,000 घन मीटर जल संग्रहित होगा। कलेक्टर ने तालाब की पाल की पिचिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण कराने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने ग्राम सांडा में ही 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एक अन्य तालाब के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस तालाब के निर्माण के लिए स्थल चयन को उपयुक्त बताया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम श्रीमती प्रीति संघवी, जनपद सीईओ शैलेंद्र आदिवासी, कार्यपालन यंत्री बी.एल.कतीजा, सहायक यंत्री महादेव प्रसाद कौशल व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post