Latest News

आज भारत जिस मुकाम पर खड़ा है उसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान : सांसद गुप्ता

Neemuch headlines April 14, 2026, 8:13 pm Technology

मंदसौर । भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।

कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर सहित कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, जिला संयोजक आदिम जाति विभाग श्रीमती अंगुरबाला भगोरा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत के संविधान को एक सशक्त, व्यवस्थित एवं समावेशी स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। आज भारत जिस शक्ति और प्रतिष्ठा के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें डॉ. अंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समानता, न्याय और विकास की जो भावना संविधान में निहित की, उसी के अनुरूप देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी प्रेरणा मिली है।

डॉ. अंबेडकर ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिसके कारण आज हम गर्व के साथ प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर ने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए समाज में सकारात्मक योगदान देना चाहिए, यही डॉ. अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा आदिम जाति कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।

Related Post