मंदसौर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंबेडकर जयंती पर ग्राम सभाएं आयोजित।
कर ग्राम स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की समीक्षा की गई। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कुचड़ोद में आयोजित ग्राम सभा में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई है, जहां ग्रामीण अपने गांव के विकास की रूपरेखा तय करते हैं और योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। ग्राम सभा के दौरान ग्राम विकास के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका के मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
विशेष रूप से एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। ग्राम सभाओं के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।