Latest News

गेहूं खरीदी में गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

Neemuch headlines April 13, 2026, 7:05 pm Technology

मंदसौर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में गेहूं उपार्जन, जल संवर्धन एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन केंद्रों पर खरीदी के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्थिति में मानकों से समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर नियुक्त सर्वेयरों को इंटरचेंज किया जाए तथा स्थानीय सर्वेयरों को अन्य स्थानों पर तैनात किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे गोदामों के साथ-साथ उपार्जन केंद्रों का सतत भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। गोदाम की क्षमता, किसानों की संख्या, स्लॉट बुकिंग की स्थिति एवं बारदान की उपलब्धता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवश्यकतानुसार बारदान की अग्रिम मांग भेजने को कहा गया। बैठक में संकल्प से समाधान अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया कि पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करें। जल संवर्धन जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत सभी विभागों को दिनांक वार कार्ययोजना बनाकर समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post