सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विजेताओं को मिला सम्मान नीमच। श्री एस आर ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव 'गूंज' का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। इस चार दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों ने कला, खेल और संस्कृति के संगम में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिताओं का सफर :- रंगोली से लेकर कबड्डी तक उत्सव के पहले दिन की शुरुआत रचनात्मक कलाओं से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने रंगोली, मेहंदी और पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी कल्पना के रंग उकेरे। दूसरे दिन बौद्धिक और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन देखने को मिला, जहाँ चेस, कैरम और निबंध लेखन के साथ-साथ कबड्डी के मैदान में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। तीसरे दिन सामूहिक खेलों का उत्साह चरम पर रहा। रस्साकसी (Tug of War), चेयर रेस और खो-खो जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने टीम वर्क और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम :- उत्सव के आखरी दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एकल व समूह नृत्य, मर्मस्पर्शी नाटकों और सुरीले गायन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान आयोजित 'रैंप वॉक' आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर निरंजन राजू तिवारी ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा "ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। खेल और कला हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं।" उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कॉलेज स्टाफ और प्रबंधन को बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉपी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।