नीमच। हनुमंत प्राकट्य उत्सव के पावन उपलक्ष में महायज्ञ का आयोजन वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ बालाजी मंदिर परिसर में हुआ।इंदिरा नगर स्थित मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ दो दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया गया।
मनीष चौधरी ने बताया कि 1अप्रैल सुबह 9 बजे अखंड रामायण पाठ की स्थापना के साथ हुई जो 2 अप्रैल की सुबह तक निरंतर चलता रहा। 2 अप्रैल को ब्रह्ह मुहूर्त में रणजीत हनुमान बालाजी महाराज का दिव्य अभिषेक किया गया। इस पावन अभिषेक के पश्चात बालाजी महाराज की प्रतिमा में अद्भुत तेज, अलौकिक आभा एवं दिव्य चमक का संचार हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रतिमा में नई ऊर्जा और शक्ति का संचार हो गया हो। अभिषेक के पश्चात सभी भक्तों ने जोरदार जयकारों के साथ वातावरण को गुंजायमान कर दिया। इसके पश्चात आरती की गई एवं हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया।
फिर प्रभात फेरी रामधुन का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र की माताएं, बहनें, बच्चे एवं पुरुष वर्ग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत एस. के. सोनी द्वारा ध्वज पूजन से हुई । इसके बाद बालाजी महाराज एवं भगवान श्रीराम के भजनों पर झूमते हुए पूरे इंदिरा नगर क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई। उसी दिन प्रातः 10 बजे यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें दो यज्ञ कुंड बनाए गए। अनेक श्रद्धालु जोड़ों सहित बैठकर यज्ञ में सम्मिलित हुए। यह समस्त धार्मिक अनुष्ठान पंडित देवीलाल जी शर्मा (नीलकंठ महादेव) के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुए, हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल की रात्रि 8 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। इन विविध धार्मिक कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया ।