Latest News

प्रेस क्लब जिला नीमच का होली मिलन एवं सम्मान समारोह संपन्न, सभी सदस्यों को‌ सदस्यता - पत्र दिये गए

Neemuch headlines March 30, 2026, 4:05 pm Technology

नीमच। पिछले तीन वर्षो से लगातार पत्रकारिता क्षेत्र में सतत कार्य करने वाली अग्रणी संस्था प्रेस क्लब जिला नीमच द्वारा नीमच के स्थानीय पंडित अटल बिहारी वाजपेई सभागृह ( टाउन हाल) में एक गरिमामय आयोजन किया गया। जिसमें जिले भर के पत्रकारों ने सम्मिलित होकर पत्रकारो की आवाज को बुलंद किया। दोपहर लगभग 12:00 बजे आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन के साथ अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत की।

आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, नीमच नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, दैनिक समाचार पत्र नई विधा के संपादक राजेश मानव, पत्रकार एडवोकेट विजय जोशी, क्षेत्र के जाने-माने पत्रकार, साहित्यकार, ग़ज़लकार प्रमोद रामावत "प्रमोद" एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी जगदीश मालवीय मंचासीन रहे। प्रेस क्लब के उद्देश्यो एवं अध्यक्षीय संदेश को क्लब के अध्यक्ष अजय जगदीश चंद्र चौधरी द्वारा रखा गया। मुख्य अतिथियों में प्रमोद रामावत "प्रमोद" ने पत्रकार साथियों को उद्बोधन में बताया कि आज की पत्रकारिता पुराने जमाने से काफी बदल चुकी है। पहले गोपाल कृष्ण गोखले और गणेश शंकर विद्यार्थी के समय अंग्रेजों के विरोध में पत्रकारिता का एक स्वरूप सामने आता था, जो अब देखने को नहीं मिलता है। हमें अपनी कलम के प्रति श्रद्धा भाव रखते हुए सच का साथ देना चाहिए एवं सच्चाई के लिए ही पत्रकारिता को बढ़ावा देना चाहिए। बदलते दौर के साथ वर्तमान परिपेक्ष में चाटूकारिता हावी हो चुकी है। एडवोकेट विजय जोशी ने बताया कि पत्रकार कई बार जोश में भूल जाता है कि उसका कार्य क्या है और वह बेवजह किसी भी मामले में पार्टी बन जाता है जिसका नुकसान कई पत्रकार साथियों ने उठाया है। हमें पत्रकारिता करते हुए इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि हमें कभी भी किसी मामले में पार्टी नहीं बनना है।

वरिष्ठ पत्रकार राजेश मानव ने बताया कि पत्रकारों को समाचारों में विशेष सावधानी रखने की आवश्यकता है समाचार को समाचार की तरह ही आम जनता के बीच में रखना चाहिए, उसमें अपने व्यक्तिगत भावो को नहीं जोड़ना चाहिए व्यक्तिगत भाव के लिए संपादकीय जैसे अन्य कई कालम होते हैं लेकिन समाचार के साथ छेड़छाड़ नहीं करना चाहिए। जिला जनसंपर्क अधिकारी जगदीश मालवीय ने बताया कि आज के बदलते युग में व्हाट्सएप एवं सोशल मीडिया के जमाने में समाचार तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंच जाते हैं। परंतु फॉरवर्ड करने की जल्दबाजी में कई बार कुछ पत्रकार साथी गलती कर बैठते हैं और बिना समाचार की पुष्टि किये ही उन्हें फॉरवर्ड कर देते हैं।

उसका भी उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए कभी भी कोई समाचार अगर सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त होता है तो पहले उसकी संबंधित अधिकारी से पुष्टि कर लेनी चाहिए। इसके पाश्चात ही समाचार जारी करना चाहिए जिससे पाठकों में पत्रकारों के प्रति विश्वसनियता बनी रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा ने बताया कि पत्रकार एक शिक्षित वर्ग है जो शासन प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता के बीच में रखते हैं और कई बार सरकार को भी उनकी गलतियां याद दिलाते हैं परंतु कुछ पत्रकारों की वजह से कई बार पूरी पत्रकार बिरादरी को शर्मिंदा होना पड़ता है।

हमे ऐसे लोगो से दूरी रखते हुए सटीक पत्रकारिता करनी चाहिए। वही बीजेपी पिछडा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने बताया कि नीमच में मुझे कोई पत्रकार पराया नहीं दिखता हर व्यक्ति को मित्र ओर भाई की तरह देखता हूं। और शायद आप लोग भी मुझे नेता के बजाय भाई या मित्र की तरह देखते हैं। मैं हर पत्रकार साथी से व्यक्तिगत रूप से जुड़ा हुआ हूं एवं सभी का प्रेम स्नेह बना हुआ है पत्रकारीता के साथ साथ व्यक्तिगत रिश्तों को भी नीमच के पत्रकार अहमियत देते हैं जो बहुत बड़ी बात है। और हमें भी गर्व महसूस होता है जब पत्रकार साथी अपने आयोजनों में हमें याद करते हैं।

कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों के हाथों पत्रकार साथियों को नए वर्ष के प्रेस कार्ड वितरित किए गए एवं इसके पश्चात कार्यक्रम में सभी अतिथियों को अभिनंदन पत्र की तस्वीर भेंट की गई ।

कार्यक्रम का सफल संचालन नीमच हेडलाइंस के प्रधान संपादक अविनाश जाजपुरा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के पश्चात सभी पत्रकार साथियों का स्नेहभोज आयोजित किया गया।

इस दौरान सिंगोली, रतनगढ़, डीकेन, सरवानिया महाराज, मोरवन, जावद, अठाना, रामपुरा, कुकड़ेश्वर, मनासा, जीरन, चिताखेड़ा, नयागांव आदि क्षेत्रों से पत्रकार साथियो ने आयोजन में सहभागिता की।

Related Post