खोर। महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) के दिशानिर्देशों के अनुसार प्रथम मेटालिफेरस माइंस सेफ़्टी वीक 2025-26 का शुभारंभ विक्रम सीमेंट वर्क्स, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की खदानों में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत खदान कर्मियों द्वारा सुरक्षा शपथ ग्रहण के साथ हुई। मुख्य अतिथि आर. सी. व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि "खनन कार्यों में सुरक्षा सर्वोपरि है। प्रत्येक कर्मी को कार्यस्थल पर सतर्कता, नियमों का पालन और जोखिम-रहित कार्य-संस्कृति को अपनाना आवश्यक है।" विक्रम सीमेंट की खदानों के अधिकारी ए. पी. सिंह ने कहा कि "सुरक्षा ही हमारी प्रथम प्राथमिकता है। सुरक्षित खनन प्रथाएँ न केवल उत्पादन बढ़ाती हैं, बल्कि खनन उद्योग में स्थायी विकास का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं।" सुरक्षा सप्ताह के दौरान खदानों में सुरक्षा-संबंधी अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें विभिन्न खदानों का सुरक्षा निरीक्षण एवं मूल्यांकन, श्रमिकों के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, मशीनरी एवं उपकरणों की सुरक्षा जाँच, कार्यस्थलों पर धूल, ध्वनि और कंपन नियंत्रण उपायों की समीक्षा तथा सुरक्षा जागरुकता बढ़ाने हेतु सुरक्षा पोस्टर और नारा प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, खदान प्रबंधकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं, ठेका श्रमिकों सहित बड़ी संख्या में खान-कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खान सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य खनन उद्योग में "सुरक्षा प्रथम उत्पादन बाद में की कार्य-संस्कृति को मजबूत करना तथा दुर्घटनारहित, सुरक्षित एवं संरक्षित कार्य वातावरण को सुनिश्चित करना है।