Latest News

नन्हें कदम शिक्षा की ओर बमोरी में बच्चों का हुआ विद्यारंभ, प्रमाण पत्र पाकर खिले मासूमों के चेहरे।

भगत मांगरिया March 24, 2026, 7:33 pm Technology

चीताखेड़ा। समीपस्थ ग्राम बमोरी की आंगनवाड़ी केन्द्र पर बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें औपचारिक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नीमच ग्रामीण परियोजना के अंतर्गत बमोरी सेक्टर में आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए 'विद्यारंभ सेरेमनी' हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को बमोरी आंगनवाड़ी केंद्र पर किया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ की गई।

इस दौरान वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच दिलीप सिंह, शिक्षक शिवनारायण पाटीदार, उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में चरणसिंह जाट, अंतिम बाला पाटीदार ने शिरकत की। अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों की नींव मजबूत करने वाली पहली पाठशाला बताया। इस सेरेमनी के दौरान उपस्थित बच्चों को विद्यारंभ सेरेमनी के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जब नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों में प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्राप्त किए, तो उनके चेहरों पर एक अलग ही चमक देखने को मिली। उपस्थित अभिभावकों ने भी विभाग की इस पहल की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का विशेष योगदान रहा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता केशर देवी रावत, सहायिका नितु सेन आदि उपस्थित रही।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Post