सिंगोली। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक मारुति सुजुकी अर्टिगा सिल्वर रंग की कार से 160 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर जावद के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सिंगोली पुलिस टीम द्वारा की गई। दिनांक 23 मार्च 2026 को अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं नाकाबंदी के दौरान सिंगोली पुलिस टीम द्वारा ग्राम सिंगोली कास्या आमरोड के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6:30 बजे एक सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी अर्टिगा कार आती दिखाई दी।
पुलिस चेकिंग को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर 160 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जुनैद अख्तर (25 वर्ष) पिता जाकिर हुसैन, निवासी कोटरी फकीरों की मस्जिद के पीछे, थाना छावनी, जिला कोटा (राजस्थान) एवं दानिश उर्फ शानू (33 वर्ष) पिता निजामुद्दीन, निवासी कोटरी फकीरों की मस्जिद के पीछे, थाना छावनी, जिला कोटा (राजस्थान) शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से जब्त मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। जप्त संपत्ति - 160 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (कीमत लगभग 16 लाख रुपये), मारुति सुजुकी अर्टिगा सिल्वर रंग की कार क्रमांक RJ17UA/6450 (कीमत लगभग 8 लाख रुपये), दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन (एक मोटरोला एवं एक ओप्पो, कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये) कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 24 लाख 30 हजार रुपये है। सराहनीय कार्य इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा एवं सिंगोली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है।