नीमच। नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), एम.पी. यूनिट ने 18 से 20 मार्च 2026 के बीच तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कुल 3.571 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ NDPS अधिनियम, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है। बस में सफर कर रहे युवक से अफीम बरामद पहली कार्रवाई 18 मार्च को की गई, जिसमें नीमच द्वितीय खंड एवं P&I सेल सिंगोली की संयुक्त टीम ने रावतभाटा-कोटा रोड पर ग्राम बोराबास (तहसील लाडपुरा, जिला कोटा) के पास एक निजी बस में सफर कर रहे संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.048 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कार की सीट के नीचे छिपाकर रखी अफीम पकड़ी - दूसरी कार्रवाई भी 18 मार्च को नीमच प्रथम एवं द्वितीय खंड की टीम द्वारा नीमच सिंगोली रोड पर ग्राम मोरवन (तहसील जावद, जिला नीमच) के पास की गई। टीम ने एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें पिछली सीट के नीचे छिपाई गई प्लास्टिक थैली से 1.093 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। मौके से वाहन सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मोटरसाइकिल से ले जाई जा रही अफीम जब्त तीसरी कार्रवाई 19/20 मार्च की दरमियानी रात को की गई। नीमच प्रथम खंड की टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम भावता, भावता-कुचरोड़ रोड (तहसील दलौदा, जिला मंदसौर) के पास एक बजाज CT100 मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी में साइड बैग से दो प्लास्टिक थैलियों में छिपाकर रखी 1.430 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अफीम एवं मोटरसाइकिल जब्त की। नशा मुक्त भारत के लिए अभियान जारी सीबीएन, एम.पी. यूनिट ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्त भारत के संकल्प को लेकर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।