सरवानिया महाराज में अधूरी नाली बनी परेशानी, वार्ड क्रमांक 08 के मुख्य चौराहे पर रोज आवागमन में दिक्कत, स्वागत गेट भी अधूरा

अनिल लक्षकार March 21, 2026, 5:28 pm Technology

सरवानिया महाराज। नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित मुख्य चौराहे पर अधूरी पड़ी नाली निर्माण आमजन के लिए बड़ी समस्या बन गई है, लंबे समय से नाली निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, स्थानीय नागरिकों ने बताया कि चौराहे पर नाली खुली और अधूरी होने से बाइक चालकों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार वाहन का पहिया गड्ढे में फंस जाता है, जिससे गिरने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से होकर श्री देवनारायण मंदिर, श्री एवरा माता मंदिर एवं श्री खाकर देव मंदिर का आवागमन होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, खासकर सुबह-शाम के समय आवाजाही अधिक होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। इसके साथ ही इसी मार्ग पर नगर परिषद द्वारा एक स्वागत गेट का निर्माण भी किया गया है, जो लगभग एक वर्ष पहले बनकर तैयार तो हो चुका है, लेकिन अब तक उसका लोकार्पण नहीं किया गया है। गेट पर रंग-रोगन का कार्य भी अधूरा है और संबंधित मंदिरों के नाम भी अभी तक अंकित नहीं किए गए हैं, जिससे इसकी उपयोगिता अधूरी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदारों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण पूर्ण कराने एवं गेट का लोकार्पण कर शेष कार्य पूरा करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुविधाएं बेहतर हो सकें।

इनका कहना :-

वार्ड नंबर 8 में जो नाली बनी हुई है, उसमें कई जगह खड्डे हैं और लोग पत्थर रखकर किसी तरह आवागमन कर रहे हैं। इस समस्या को लेकर मैंने कई बार सीएमओ को अवगत कराया है। उन्होंने बजट की कमी बताते हुए जल्द दिखवाने की बात कही है। नाली अधिक चौड़ी होने के कारण फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इसे ढंकना भी संभव नहीं हो पा रहा है। स्वागत गेट में भी कुछ कार्य शेष है, जिसे लेकर मैंने कई बार सीएमओ एवं अध्यक्ष को अवगत कराया है, लेकिन अब तक कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। गेट पर कलर-पुट्टी, मंदिरों के नाम लिखना तथा नीचे दो बेरिकेट (बेराप) लगाना बाकी है। 23 तारीख को नगर परिषद की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। -देवीलाल धनगर, पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड क्रमांक 08. फिलहाल यह मेरे संज्ञान में नहीं था, मैं इसे दिखवा लेता हूं।

23 तारीख को हमारी परिषद की बैठक है, उसमें इसका प्रस्ताव रखकर कार्य स्वीकृत कराया जाएगा, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। गेट में रंगाई सहित जो भी कार्य शेष हैं, उन्हें भी शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।

-राकेश चौहान, प्रभारी सीएमओ, सरवानिया महाराज।

Related Post