चीताखेड़ा । ग्राम माता का खेड़ा स्थित सुप्रसिद्ध आरोग्य देवी महामाया आवरी माता जी के दरबार में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि पर आयोजित होने वाला नौ दिवसीय विशाल मेला भव्य और सुव्यवस्थित होगा। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मेला परिसर का सघन दौरा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। डिप्टी कलेक्टर श्रुति भहडिया, तहसीलदार यशपाल मुजाल्दा और आर.आई. योगेश चौपड़ा ने मंदिर परिसर पहुँचकर मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला समिति के सदस्यों से चर्चा की और निर्देश दिए कि इस बार का आयोजन पिछली बार की तुलना में अधिक भव्य और श्रद्धालु हितैषी होना चाहिए। सुरक्षा पर विशेष जोरः 'तीसरी आँख' का रहेगा पहरा - प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। डिप्टी कलेक्टर ने सुझाव दिया कि मेले के सभी प्रवेश मार्गों और दुकान क्षेत्रों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। झूले, चकरी मार्केट और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। मनचलों, शरारती तत्वों और जेब कतरों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। निरीक्षण के दौरान जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव और चीताखेड़ा चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सिसौदिया की मौजूदगी में मेला समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। जिसमें वाहनों के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का चयन किया । शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और दर्शनार्थियों के लिए सुलभ दर्शन व्यवस्था की जाए। मंदिर से उचित दूरी पर व्यवस्थित वाहन पार्किंग की व्यवस्थ रहेगी। रंगारंग कार्यक्रमों की होगी धूम मेला समिति ने बताया कि नौ दिवसीय मेले के दौरान रात्रि में रंगमंच पर विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भजन संध्या और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस अवसर पर मेला समिति एवं मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष मनसुख जैन, सचिव नरेश पाटीदार, दशरथ माली, पुजारी गोपाल रावत, मांगीलाल रावत, पटवारी संदेश चैलावत, अंतिम गेहलोत, डॉ. बबलू वैष्णव, अशोक जैन सहित कई गणमान्य नागरिक और समिति सदस्य उपस्थित थे।