मंदसौर। जिले के प्रसिद्ध श्री नालछा माता मंदिर में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च 2026, गुरुवार से होने जा रही है। इसे लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति के अनुसार चैत्र नवरात्रि के पहले दिन 19 मार्च (एकम) को प्रातः 7:00 बजे शुभमुहूर्त में घटस्थापना की जाएगी।
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन माता रानी के विशेष पूजन-अर्चन और दर्शन का क्रम चलेगा। प्रति वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी पंचमी तिथि, 23 मार्च (सोमवार) को मां नालछा रानी के विशेष श्रृंगार दर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस दिन माता रानी का सोने-चांदी के आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं नवमी तिथि 27 मार्च (शुक्रवार) को सायंकाल 6 बजे से मंदिर परिसर में विशेष हवन का आयोजन किया जाएगा इसके अगले दिन दशमी, 28 मार्च (शनिवार) को प्रातः 10:00 बजे कन्या पूजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे वाड़ी (जवारे) विसर्जन का कार्यक्रम संपन्न होगा।
मंदिर समिति द्वारा नवरात्रि महोत्सव के समापन के बाद 5 अप्रैल, रविवार को प्रातः 11 बजे से विशाल महाप्रसादी भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।