नीमच । जिले के मनासा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हाड़ी पिपलिया गांव के पास गैस एजेंसी के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान बबलू ढोली (गंधर्व) निवासी हाड़ी पिपलिया और प्रकाश बंजारा निवासी जोरावरपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी-अपनी मोटरसाइकिल से गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गैस एजेंसी के पास दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को संभालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी हादसे की खबर फैलते ही शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।