Latest News

25 दिवसीय सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण एवं इंटीग्रेटेड योग चिकित्सा ध्यान शिविर में 105 लोगों ने प्रशिक्षण लिया, समापन समारोह संपन्न।

Neemuch headlines March 11, 2026, 5:21 pm Technology

नीमच । पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्गदर्शन तथा भारत स्वाभिमान न्यास परिवार, पतंजलि योग समिति व पतंजलि किसान सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में 25 दिवसीय सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण एवं इंटीग्रेटेड योग चिकित्सा ध्यान शिविर का आयोजन राजस्व कॉलोनी मार्ग स्थित आईकेएफ एकेडमी सभा कक्ष भवन में 15 फरवरी से 11 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 6 से 7:30 बजे तक आयोजित किया गया।

समापन समारोह में नीमच नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन ने कहा कि सभी प्रशिक्षक योग चिकित्सा ध्यान को स्वयं भी करें और अपने मोहल्ला क्षेत्र में पहुंचकर प्रतिदिन रोगियों को प्रशिक्षण प्रदान कर स्वस्थ बनाने के लिए सेवा प्रकल्प अभियान से जुड़ जाए ताकि घर-घर में लोग निरोगी हो सके और स्वस्थ जीवन जी सके। भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू ने कहा कि प्रशिक्षक योग प्रशिक्षण प्राप्त कर लोगों को औषधीयों से बचाकर धन की बचत करने के लिए क्षेत्र में भी सहयोगी बन रहें हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि योग प्राचीन काल से स्वस्थ रहने की महत्वपूर्ण विद्या है यदि युवा वर्ग 1 घंटे तक योग में जुड़ रहे तो वह 1 घंटे तक मोबाइल से भी दूर रहेगा और स्वस्थ जीवन जी सकेगा। श्रीमती मीना राजेश जायसवाल ने बताया कि उन्होंने जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को योग शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी दी तब जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अपने संदेश में कहा कि वह योग अभियान को पूरे जिले में स्कूलों में भी आयोजन के लिए सहयोग प्रदान करेंगे। भारत स्वाभिमान न्यास के नीमच जिला प्रभारी योग शिक्षक पुखराज साहू ने 105 लोगों को योग के माध्यम से किस प्रकार रोग को दूर करना है का विधिवत तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया।

जिसमें 85 लोग तो स्वयं उपस्थित हुए तथा 20 लोगों ने ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त किया। यज्ञ के प्रारंभ में प्रवीण आर्य द्वारा विश्व शांति एवं सभी के स्वस्थ जीवन की प्रार्थना के साथ प्रतिदिन वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ यज्ञ आयोजित कर आहुतियां भी दी गई। इस अवसर पर पंचकर्म, एक्यूप्रेशर, जलनेति, अष्टांग योग का विधिवत कुशल प्रशिक्षण देने के बाद पतंजलि योगपीठ हरिद्वार में भी प्रशिक्षण प्रदान कर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक राजेश जायसवाल (ऑटो पार्ट्स) ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से अनेक हृदय रोगियों, मोटापे के रोगियों, शुगर व कमर दर्द के रोगियों को स्वास्थ्य लाभप्राप्त हुआ है। प्रतिदिन योग शुभारंभ धुप हवन यज्ञ वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ किया गया। इस अवसर पर हृदय रोग, मोटापा, शुगर, थायराइड, कमर दर्द जैसी गंभीर बीमारियों को दूर करने के लिए भी विभिन्न योगासन प्रणायाम का विशेष तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 15 अभ्यर्थियों ने अपने-अपने क्षेत्र में योग प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर 6 साल की नन्ही बालिका सुनिधि साहू ने जल नेति का स्वयं प्रदर्शन कर प्रशिक्षण भी प्रदान किया। इस अवसर पर योग में रोजगार के अवसर, हरिद्वार में निःशुल्क योग प्रशिक्षण भागीदारी तथा आयुष मंत्रालय के अंतर्गत योग प्रमाण पत्र बोर्ड के विषय में भी विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर आरोग्य भारती के अजय भटनागर, भारत स्वाभिमान न्यास नीमच के संवाद प्रभारी बालकृष्ण भारतीय लक्ष्यकार, जावद तहसील प्रभारी तेजपाल बंजारा, राकेश भट्ट यशपाल भटेवरा, दुर्गा शंकर, मनोहर नागदा घसुंडी विष्णु शर्मा सावन, श्याम शर्मा एवं विनोद मकवाना, मंजू छाबड़ा, रितु अग्रवाल, ज्योति कच्छारा, अंजू जैन, आयुषी गर्ग, शबनम सिंहल, गिरजा बैरागी, प्रेक्षा सोलंकी, सहित बड़ी संख्या में योग से जुड़े लोग उपस्थित थे।

Related Post