नीमच। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास परियोजना, नीमच ग्रामीण द्वारा शनिवार को जनपद पंचायत नीमच के सभा कक्ष में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता बढ़ाना, उन्हें सशक्त बनाना तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व एवं आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदा मदनलाल धनगर ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाएं समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे समाज के विकास एवं कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को अपनी आध्यात्मिक शक्ति को पहचानना होगा, भौतिकता तो हमने बहुत कुछ तरक्की की लेकिन आध्यात्मिकता को जीवन में लाना है। भारतीय जनता पार्टी की महामंत्री (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती ममता नागदा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को स्वयं पहचानना होगा। उन्होंने वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारतीय महिलाओं ने सदैव साहस, त्याग और पराक्रम का परिचय दिया है और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास समिति के सभापति रतनलाल मलावत ने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक महिला को सुरक्षा, सम्मान और अधिकार प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि इन उद्देश्यों को पूरा करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सहयोग प्रदान करें।
कार्यक्रम मे परियोजना अधिकारी इरफान अंसारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के उत्थान, लिंग भेद समाप्त करने तथा लिंगानुपात में सुधार लाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा लाड़ली बहना योजना प्रमुख हैं। कार्यक्रम के दौरान उन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में उत्कृष्ट कार्य किया है। इस अवसर पर हंस माली, कैलाश अहिरवार, अंजू, देवकन्या मेघवाल, शोभा व्यास, पुष्पा अग्रवाल, सपना कसेरा, ज्योति शर्मा, पूजा मेघवाल, जसोदा बाई सहित अनेक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गीत, कविताएं एवं प्रेरक संदेश प्रस्तुत किए गए। साथ ही देश का गौरव बढ़ाने वाली महिला नेत्रियों एवं खिलाड़ियों के प्रेरक प्रसंग भी साझा किए गए, जिससे उपस्थित महिलाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ। कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक श्रीमती पिंकी भाटिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक इंदु सोनी, सारिका केदार, सपना बैरागी, वंदना गुरगेला, उमा शर्मा, नाजिमा बी, रेहाना खान सहित अन्य वक्ताओं ने भी महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया तथा महिला सशक्तिकरण और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाकर प्रस्तुत किए।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं समान अधिकार सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।