नीमच। नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प के साथ अग्रवाल विकास समिति, नीमच (सीएसवी अग्रोहा भवन) एवं श्री भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल सेवा प्रकल्प का आयोजन होने जा रहा है।
आगामी 15 से 17 मार्च 2026 तक स्थानीय 'सीएसवी अग्रोहा भवन', गोमाबाई रोड पर त्रि-दिवसीय नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस पुनीत कार्य का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के लगभग 1000 दिव्यांग भाई-बहनों को चिन्हित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन की बाधाओं को दूर करना है। इस तीन दिवसीय शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को विश्व प्रसिद्ध जयपुर फुट (कृत्रिम पैर), कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स (विशेष जूते), बैसाखियां, वॉकर, छड़ी, ट्राई साइकिल, व्हील चेयर और श्रवण यंत्र (कान की मशीन) जैसी सुविधाएं पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। आयोजन समिति ने बताया कि यह शिविर रविवार प्रातः 9 बजे से शुरू होकर मंगलवार दोपहर 3 बजे तक निरंतर चलेगा।
शिविर का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को अपना दिव्यांग प्रमाण-पत्र (UDID) और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। संस्था ने क्षेत्र के सभी जरूरतमंदों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए 10 मार्च 2026 तक अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। पंजीकरण की प्रक्रिया सीएसवी अग्रोहा भवन पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुली है। अधिक जानकारी और सुगम पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर 6260614304 पर संपर्क किया जा सकता है। आयोजन समिति का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांग इस सुविधा से वंचित न रहे, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी सकें।