नीमच। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा राष्ट्रीय कार्यबल (NTF) मानसिक स्वास्थ्य एवं छात्र कल्याण हेतु जारी गतिविधि कैलेंडर के अंतर्गत श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में माह फरवरी 2026 के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। निर्धारित कैलेंडर के अनुसार फरवरी माह के द्वितीय सप्ताह में महाविद्यालय की छात्राओं, स्टाफ एवं अभिभावकों के लिए योग, ध्यान एवं प्राणायाम सत्र आयोजित किया गया।
साथ ही "मैं अकेला नहीं हूँ" विषय पर तनाव प्रबंधन कार्यशाला एवं समूह चर्चा का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्राओं में मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक सोच का विकास करना था। कार्यक्रमों में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। तृतीय सप्ताह में "बात करें, बोझ हल्का करें" अभियान के अंतर्गत संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर शासकीय अतिथि विद्वान (मनोविज्ञान) श्री वैभव सक्सेना ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, भावनाओं की अभिव्यक्ति की आवश्यकता तथा समस्याओं के समाधान में संवाद की भूमिका पर प्रकाश डाला। छात्राओं को खुलकर अपने विचार एवं अनुभव साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के समान ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
चतुर्थ सप्ताह में "आत्महत्या रोकथाम" विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। एमएसडब्ल्यू विभाग की अतिथि व्याख्याता श्रीमती संगीता शर्मा ने जीवन कौशल, तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों तथा आवश्यकता पड़ने पर परामर्श एवं सहयोग प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी प्रदान की। इसी क्रम में आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. गिरिराज शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कार्यक्रम संस्थान की गुणवत्ता संवर्धन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग हैं।
उन्होंने छात्राओं से ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता कर सकारात्मक एवं स्वस्थ परिसर वातावरण के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया। एनटीएफ प्रभारी डॉ. हिना हरित ने जानकारी दी कि उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल द्वारा फरवरी, मार्च एवं अप्रैल माह के लिए त्रैमासिक गतिविधि कैलेंडर प्राप्त हुआ है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।