जावद। थाना क्षेत्र की नयागांव चौकी अंतर्गत आने वाले खोर गांव में बुधवार शाम 8 वर्षीय नाबालिक बालक का अपहरण कर उसके साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी दीपक मेघवाल देर रात बालक को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार खोर निवासी दीपक मेघवाल बुधवार शाम करीब 6:44 बजे गांव के ही 8 वर्षीय बालक को अपने साथ ले गया था। काफी देर तक बालक के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। आसपास काफी खोजबीन के बाद भी जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने नयागांव चौकी पर गुमशुदगी की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बालक की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच देर रात आरोपी बालक को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया। बालक के मिलने के बाद परिजनों ने उसके साथ कुकर्म किए जाने की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष खोर गांव की पंचायत के पास सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपी का जुलूस निकाले तथा पुलिस प्रशासन से कठोर कदम उठाने की मांग की। सूचना मिलते ही जावद थाना प्रभारी विकास पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी दीपक मेघवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
बालक का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।