नीमच :- कुकडेश्वर शासकीय अस्पताल में दिव्यांगता प्रमाण पत्र शिविर आयोजित, 116 दिव्यांगों का हुआ पंजीयन, संकल्प से समाधान अभियान के तहत विशेष शिविर, बस-रेल सुविधा परिचय पत्र सहित निशक्त प्रमाण पत्र किए गए जारी संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के उद्देश्य से शासकीय अस्पताल कुकडेश्वर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और अपने प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में शामिल हुए।
यह शिविर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के आदेशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग पराग जैन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के तहत जिले में दिव्यांग बच्चों की शीघ्र पहचान कर उन्हें त्वरित रूप से दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने का कार्य किया जा रहा है। शिविर के आयोजन में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग का विशेष सहयोग रहा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया। शिविर प्रतिनिधियों के अनुसार कुल 116 दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराया। इनमें से 38 दिव्यांगों को बस सुविधा परिचय पत्र, 72 दिव्यांगों को निशक्त प्रमाण पत्र तथा 13 दिव्यांगों को रेल सुविधा प्रमाण पत्र जारी किए गए। जारी किए गए 72 दिव्यांगता प्रमाण पत्रों में 13 मानसिक, 39 हड्डी, 7 तांत्रिक, 10 नेत्र तथा 3 बहु-दिव्यांग श्रेणी के हितग्राही शामिल रहे। वहीं 36 आवेदक अपात्र पाए गए, जिनकी दिव्यांगता का प्रतिशत 40 से कम पाया गया। शिविर में नगर परिषद कुकडेश्वर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और अपने प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी की।
इस दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता यादव, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद, मानसिक चिकित्सक डॉ. कृष्णकांत कारपेंटर, मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. सतीश चौधरी, शिशु रोग विशेषज्ञ, प्रशासनिक अधिकारी अभिलाषा वर्मा, आरटीओ विभाग से दिलीप जोशी, रवि, डीडीआरसी से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट भूरालाल अहीर, फिजियोथैरेपिस्ट तन्वी कोठारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मनासा में 6 मार्च को लगेगा विशेष शिविर संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत इसी क्रम में 6 मार्च 2026 को जनपद पंचायत मनासा एवं नगर परिषद मनासा क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए शासकीय अस्पताल मनासा में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रशासन ने अधिक से अधिक दिव्यांग हितग्राहियों से शिविर में पहुंचकर अपने दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की है।