Latest News

विगत कई दिनों से सरवानिया महाराज में रिलायंस जिओ का नेटवर्क ठप, उपभोक्ता परेशान

अनिल लक्षकार March 5, 2026, 11:52 am Technology

सरवानिया महाराज। शहर में पिछले कई दिनों से रिलायंस जियो का नेटवर्क बाधित होने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क ठप होने के कारण न तो कॉल सही से लग पा रही हैं और न ही इंटरनेट सेवा सुचारू रूप से काम कर रही है।

इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों और ऑनलाइन कार्य करने वाले लोगों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार फोन में पूरा नेटवर्क सिग्नल दिखने के बावजूद कॉल ड्रॉप हो रही है या आवाज साफ सुनाई नहीं दे रही। वहीं इंटरनेट स्पीड बेहद धीमी होने से ऑनलाइन पेमेंट, बैंकिंग सेवाएं और शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को आवश्यक कार्यों के लिए अन्य नेटवर्क का सहारा लेना पड़ रहा है। नेटवर्क समस्या को लेकर कंपनी के एमएसएल राशील सक्सेना से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे फोन पर बात नहीं हो सकी। वहीं कंपनी के जेपीएम विजय चतुर्वेदी ने बताया कि कहीं लाइन में तकनीकी फॉल्ट आ गया था। उनके अनुसार नेटवर्क को कल ही ठीक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम मौके पर कार्य कर रही है

और जल्द ही समस्या का पूर्ण समाधान कर दिया जाएगा. हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। पूरे नगर में अब भी नेटवर्क बाधित है। लोगों ने कंपनी से शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से उन्हें दोबारा न जूझना पड़े।

Related Post