Latest News

आस्था के केंद्र मोड़ी माता मंदिर में चरमराई सफाई व्यवस्था, धर्मशाला व यात्री प्रतीक्षालय के बाहर गंदगी का अंबार, श्रद्धालु परेशान, नवरात्रि से पहले सफाई की मांग तेज।

अनिल लक्षकार March 4, 2026, 7:04 pm Technology

मोड़ी । देश-विदेश में प्रसिद्ध आरोग्य स्थल श्री महामाया खेड़ामाता एवं मोड़ी माता मंदिर इन दिनों अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा में है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु आस्था और श्रद्धा के साथ यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर परिसर में फैली गंदगी और दुर्गंध से भक्तगण परेशान नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कुछ ही दिनों में नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने वाला है, जिसमें यहां श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ जाती है। इसके बावजूद अब तक मंदिर समिति द्वारा समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं की गई है। मंदिर परिसर के समीप गंदगी से भरे डायपर और कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिनसे तेज बदबू उठने लगी है। रविवार के दिन तो सैकड़ों की संख्या में भक्त पैदल, निजी वाहन, बसों तथा लौटन यात्रा के माध्यम से माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कई श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में भोजन-प्रसाद भी बनाते हैं।

लेकिन उसी धर्मशाला और यात्री प्रतीक्षालय के सामने, मोड़ी-सेमली मुख्य मार्ग के पास गंदगी से भरे डायपर फेंके जा रहे हैं। धीरे-धीरे वहां कचरे का बड़ा ढेर बन गया है, जिसे आवारा कुत्ते घसीटकर मंदिर परिसर की ओर ले आते हैं। बढ़ती गर्मी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है तथा दुर्गंध से श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में भक्तों ने मंदिर समिति के अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सचिव से निवेदन किया है कि शीघ्र ही गंदगी हटवाकर पूरे परिसर में साफ-सफाई करवाई जाए, ताकि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर समिति अध्यक्ष मुकेश पाटीदार ने बताया कि मंदिर परिसर में सफाई कार्य अब कल गुरुवार को कराया जाएगा। आज होली का त्यौहार होने के कारण सफाई कर्मचारी नहीं आ सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सीमेंट का कचरा पात्र मंगवाकर मंदिर परिसर में रखवाया जाएगा, ताकि सभी श्रद्धालु एवं नागरिक अपना कचरा उसी में डालें और परिसर की स्वच्छता बनी रहे।

Related Post