सरवानिया महाराज। नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित रावला चौक पर विराजित शीतला माता मंदिर पूरे शहर की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। प्रतिवर्ष शीतला सप्तमी के अवसर पर नगर की बड़ी संख्या में माताएं-बहनें यहां पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार वर्तमान में मंदिर परिसर में निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। परिसर के चारों ओर गिट्टी, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री बिखरी हुई है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा होने की आशंका है। विशेषकर शीतला सप्तमी पर महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए यह स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
रहवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष, प्रभारी सीएमओ एवं संबंधित वार्ड पार्षद से मांग की है कि त्योहार से पूर्व मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में तत्काल साफ-सफाई करवाई जाए तथा निर्माण सामग्री को व्यवस्थित रूप से हटाया जाए।
उनका कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस प्रमुख स्थल पर स्वच्छता एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के श्रद्धाभाव से पूजन कर सकें। इस संबंध में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अनिल राठौर ने बताया कि मंदिर की साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
साथ ही ठेकेदार से भी चर्चा कर ली गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गुरुवार से मंदिर परिसर में सीढ़ियां लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।