Latest News

सरवानिया महाराज में नगरपरिषद डोम बना जनसुविधाओं का सशक्त केंद्र, परिषद को मिला स्थायी राजस्व स्रोत

अनिल लक्षकार March 4, 2026, 5:46 pm Technology

सरवानिया महाराज। नगर के वार्ड क्रमांक 6, बड़ा खरा क्षेत्र में निर्मित नगर परिषद का भव्य श्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा सामुदायिक भवन (डोम) आज सरवानिया महाराज की पहचान बनता जा रहा है।

सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों का यह प्रमुख केंद्र अब नगर परिषद के लिए आय का एक सशक्त और स्थायी स्रोत भी सिद्ध हो रहा है। नियमित बुकिंग के चलते परिषद को लगातार राजस्व प्राप्त हो रहा है, जिससे स्थानीय विकास कार्यों को नई गति मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। विशाल एवं सुदृढ़ संरचना, चौड़ी और सुलभ सड़क संपर्क, हजारों वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा सामने विस्तृत खुले मैदान की उपलब्धता ने इस डोम को बड़े आयोजनों के लिए आदर्श स्थल बना दिया है।

यहां एक साथ लगभग 10 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। विवाह समारोह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक सभाएं और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम अब इसी परिसर में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहे हैं। पूर्व में बड़े आयोजनों के लिए निजी स्थानों पर अधिक व्यय करना पड़ता था, लेकिन अब नगरवासियों को स्थानीय स्तर पर ही समुचित और व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध हो रही है। डोम में टेंट, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा विशाल हॉल जैसी मूलभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इस पहल से जहां एक ओर नगर की सामाजिक गतिविधियों को सुव्यवस्थित मंच मिला है, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो रही है। प्राप्त राजस्व भविष्य में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में सहायक सिद्ध होगा। क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य का श्रेय जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा को दिया है। उनका कहना है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही नगर परिषद अध्यक्ष रूपेन्द्र जैन एवं वार्ड की सक्रिय पार्षद प्रेमलता देवी अनिल राठौर के प्रयासों को भी नागरिकों ने सराहा है, जिनकी सक्रियता से यह डोम जनउपयोगी होने के साथ-साथ आर्थिक दृष्टि से भी लाभकारी साबित हो रहा है। राजनीतिक दृष्टि से भी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि विकास, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित प्रबंधन ही जनता का विश्वास मजबूत करते हैं। नगर परिषद डोम का बढ़ता उपयोग और उससे प्राप्त हो रहा नियमित राजस्व सरवानिया महाराज के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Related Post