Latest News

श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर में मनाया फाग महोत्सव

Neemuch headlines February 28, 2026, 7:22 pm Technology

नीमच। धनेरिया रोड स्थित श्री शक्ति नगर विस्तार, शक्तिधाम में स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर में एकादशी के पावन एवं पुण्य अवसर पर फाग महोत्सव का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई थी जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो उठा। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का हरि-हर मिलन स्वरूप में विशेष एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। शिवलिंग पर पुष्पों, बिल्वपत्र, अबीर-गुलाल, मोरपंख तथा विभिन्न रंगों से अलौकिक सज्जा की गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं द्वारा पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर फूलों एवं रंग-गुलाल के साथ होली खेली गई। वातावरण "होली के फाग" और "शिव भजनों" की मधुर ध्वनियों से गूंज उठा। ढोलक, मंजीरे की ताल पर फाग गीत गाए गए। माताओं और बहनों ने भजनों पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

फाग महोत्सव में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित यह फाग महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का सुंदर संगम बनकर यादगार रहा।

Related Post