रामपुरा । सिविल अस्पताल रामपुरा द्वारा आमजन को सूचित किया गया है कि दिनांक 27 फरवरी 2026, शुक्रवार को अस्पताल परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र एवं वंचित हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जनवरी 1956 से पूर्व जन्म तिथि वाले वरिष्ठ नागरिक इस शिविर का लाभ ले सकेंगे।
इसके अतिरिक्त बीपीएल पात्रता सूची में शामिल वंचित हितग्राहियों के भी आयुष्मान कार्ड तैयार किए जाएंगे। शिविर का शुभारंभप्रातः 10 बजे से होगा। मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि जिन हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है, वे अपना आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। पंजीयन प्रक्रिया के दौरान ओटीपी सत्यापन हेतु आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर आवश्यक रहेगा, जिससे कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अस्पताल प्रशासन ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे शासन की इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने हेतु समय पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों सहित शिविर में पहुंचें।