नीमच। अंचल के जाने-माने समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित मंडी व्यापारी गोपाल गर्ग उर्फ जीजी की फर्म गिरधारी लाल गोवर्धन लाल गर्ग ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर नीमच जिले का नाम रोशन किया है। फर्म के युवा प्रतिनिधि दीपांशु गर्ग और जयेश गर्ग को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों 'बेस्ट सप्लायर अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। दरअसल, 22 फरवरी को इंदौर में काबुली चना ट्रेड एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई थी, जिसमें देश-विदेश के प्रमुख व्यापारी शामिल हुए। इस कॉन्फ्रेंस में नीमच से दीपांशु गर्ग और जयेश गर्ग ने न सिर्फ भाग लिया, बल्कि अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति, एक्सपर्ट राय और उच्च-स्तरीय एक्सपोर्ट क्वालिटी के जरिए सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कॉन्फ्रेंस की चयन समिति ने गुणवत्ता, निर्यात क्षमता, विश्वसनीयता और निरंतर आपूर्ति की मजबूती जैसे मापदंडों के आधार पर दोनों युवा व्यापारियों को इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए चुना। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री के साथ तुलसी सिलावट, शंकर लालवानी एवं गोलू शुक्ला भी मौजूद रहे। स्वयं मुख्यमंत्री ने दीपांशु गर्ग और जयेश गर्ग से उत्पादन, आपूर्ति और निर्यात से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। गौरतलब है कि नीमच का काबुली चना अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता, बेहतर आकार और शानदार पैदावार के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। ऐसे में नीमच के व्यापारियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर सम्मानित होना न केवल मंडी व्यापार जगत, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।