निर्माणाधीन पुलिया में गिरी बाइक, युवक की मौत सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज

Neemuch headlines February 24, 2026, 4:49 pm Technology

डीकेन। डीकेन चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुरा पुलिया के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुलिया में बाइक गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई,

जबकि दूसरा युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार पुलिया पर निर्माण कार्य प्रगति पर था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की गई थी। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण निर्माणाधीन हिस्सा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सीधे पुलिया के अधूरे हिस्से में जा गिरी। हादसे में घायल सौरभगंगवाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है तथा उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। डिकेन चौकी से मिली जानकारी अनुसार - मामले को गंभीरता से लेते हुए 23 फरवरी, सोमवार रात्रि में डीकेन चौकी पर प्रकरण दर्ज किया गया। निर्माण कार्य कर रही सांवलिया कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार दीपक पिता बाबूलाल तेली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 (ए) एवं 106 (1) के तहत मामला कायम किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्यों में अनिवार्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Post