जावद। रतनगढ़ नीमच रोड का काम चल रहा है लेकिन ठेकेदार की लापरवाही की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। जिसकी वजह से कई लोग अपनी जान गवा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फिर रविवार को देर शाम दड़ौली के समीप हुआ जहां दो युवक रतनगढ़ से जावद की ओर आ रहे थे परंतु पुलिया पर डायवर्सन का बोर्ड नीचे गिर जाने की वजह से दोनों युवक मोटरसाइकिल समेत पुलिया से नीचे गिर गए जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जावद निवासी सौरभ पिता विनोद गंगवाल ओर गौरव पिता संजय कानीगावा विवाह समारोह की पत्रिका देकर रतनगढ़ से जावद आ रहे थे।
इस दौरान पुलिया पर सांकेतिक बोर्ड गिर जाने से दोनों युवक निर्माणाधीन पुलिया में गिर गए जिसमें सौरभ पिता विनोद गंगवाल की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य युवक गौरव पिता संजय काणिगावा गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल मृतक का शव पीएम के लिए रतनगढ़ शासकीय चिकित्सालय में रखवाया गया है। वही एक बार फिर रोड ठेकेदार सांवरिया कंस्ट्रक्शन की घोर लापरवाही सामने आई है जिन्होंने रतनगढ़ नीमच रोड पर कई जगह पर बड़े-बड़े गड्ढे किए हुए हैं लेकिन ढंग से सांकेतिक बोर्ड नहीं लगाने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। लापरवाह ठेकेदार की वजह से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए और कुछ लोगों ने अपनी जान गवाई है। प्रशासन को ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्यवाही करनी चाहिए।
परिवार का इकलौता चिराग था सौरभ बहन की 3 सप्ताह में थी शादी :- सौरभ अपने पिता का इकलौता लड़का था पढ़ने में बहुत होशियार और केटरिंग का काम भी करता था। 11 मार्च को बड़ी बहन की शादी की पत्रिकाएं बांटने में पूरा परिवार लगा हुआ था। पूरे परिवार में विवाह को लेकर काफी उत्साह का माहौल था। ऐसे में इस घटना ने परिवार और समाज को पूरी तरह जाकझोर दिया।