Latest News

डीजे की धुन पड़ी भारी, रात 10 बजे बाद गूंजा शोर, नीमच कैंट पुलिस का एक्शन, उपकरण जब्त, दो पर केस दर्ज।

Neemuch headlines February 21, 2026, 6:24 pm Technology

नीमच। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर थाना नीमच कैंट पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शास्त्री नगर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में देर रात खुले में डीजे बजाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे उपकरण जब्त कर लिए और नियमों का उल्लंघन करने वाले दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नरेंद्र पिता शंकरलाल एवं विजेश पिता राजाराम के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। बताया गया कि रात 10 बजे के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे संचालित किया जा रहा था, जिससे आसपास के रहवासियों को परेशानी हो रही थी। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने हाल ही में होटल संचालकों एवं कार्यक्रम आयोजकों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे एवं लाउडस्पीकर का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही थी। शिकायत मिलते ही केंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे सिस्टम जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों एवं ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों के तहत की गई है। थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी अवैध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post