रामपुरा। मध्य प्रदेश विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के संदर्भ में की गई "औकात में रहो" टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई है। इसी के विरोध में शुक्रवार को रामपुरा तहसील मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। रामपुरा बस स्टैंड पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री विजयवर्गीय का पुतला फूंका गया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने मंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने तथा तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर मुजवदिया ने कहा कि विधानसभा जैसे गरिमामय सदन में वरिष्ठ मंत्री द्वारा इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराएगी। प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सम्राट दीक्षित, राजू गरासिया, रियाज मंसूरी, पार्षद विजयराज सिंह चंद्रावत, मुबारीक मंसूरी, मनमौजी मजावदिया, एजाज कुरैशी, अभिषेक केरल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।