वार्षिक परीक्षा के मद्देनजर रात 10 बजे बाद डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित
सिंगोली। आगामी होली, धुलेंडी, रमजान सहित अन्य त्यौहारों को लेकर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल की उपस्थिति में बुधवार शाम 7 बजे थाना परिसर सिंगोली में शांति समिति के सदस्यों की बैठक आहूत की। बैठक में थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने आगामी त्यौहार होलिका दहन, धुलेंडी, रंगतेरस, रमजान सहित नगर में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की विस्तार से जानकारी ली व उपस्थित सदस्यों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान विवाह एवं अन्य धार्मिक आयोजनों तथा बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर तेज आवाज में बिना अनुमति डीजे के उपयोग पर रात 10 बजे बाद प्रतिबंध करने एवं उल्लंघन करने पर सख्त कार्यवाही के निर्देश थाना प्रभारी ने दिए। तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल और थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने नागरिकों से त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया, नगर परिषद उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, अंजुमन सदर रईस खान कुरैशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, श्रमजीवी पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, समाज सेवी फूल कुमार मलिक, सहकार भारती जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, पार्षद निसार पठान, पार्षद राजेश भंडारी नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नागोरी सहित शांति समिति के सदस्यगण एवं पत्रकारगण उपस्थित थे।