सरवानिया महाराज। जावद थाना क्षेत्र के सरवानिया चौकी अंतर्गत ग्राम आकली पुलिया पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चौकानखेड़ा निवासी व्यक्ति की थी, जो मंडी में उपज बेचकर मेलानखेड़ा की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। हादसे में मौके पर ही ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोहर भील निवासी चौकानखेड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी ने बताया कि हादसा प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत होता है। जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिया से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।