जावद। शिवपुरी के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की नृशंस हत्या के विरोध में सोमवार को जावद अभिभाषक संघ के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन अभिभाषक संघ अध्यक्ष विजय जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं पर हो रहे हमले अधिवक्ता समुदाय की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं। लंबे समय से अधिवक्ताओं की सुरक्षा हेतु एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभाषकगण उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।