मनासा । थाना क्षेत्र के ग्राम मालखेड़ा में रविवार शाम हुए एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि जमुनियारावजी और मालखेड़ा के बीच सड़क पर अचानक सामने से एक अज्ञात वाहन आ जाने से बाइक सवार युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद बंजारा (19) पिता दुलसिंह बंजारा, निवासी मालखेड़ा अपनी बाइक से जा रहा था, तभी हादसा हुआ। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मृत्यु से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।