नीमच । कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावटी के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में 44 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुणवंत आंजना (पिता छगनलाल आंजना), निवासी ग्राम केंसुदा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुणवंत आंजना अपनी सरसों की उपज लेकर रात में नीमच मंडी पहुंचे थे। मंडी में उपज खाली करने के बाद वे भोजन करने के लिए बाहर गए थे। भोजन कर वापस लौटते समय कनावटी के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कैंट थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।