Latest News

सरवानिया महाराज में आज होगा महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन, मंदिरों में आकर्षक सजावट, शाम को महाआरती व प्रसाद वितरण

अनिल लक्षकार February 15, 2026, 5:12 pm Technology

सरवानिया महाराज। भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि आज नगर में श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर नगर के विभिन्न शिवालयों में विशेष तैयारियां की गई हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में उमड़ने लगी है और वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा है। श्री गणेश नवयुवक मंडल समिति के द्वारा वार्ड क्रमांक 5 स्थित प्राचीन शिव मंदिर को फूलों एवं रंग-बिरंगी विद्युत सजावट से सुसज्जित किया गया है। यहां भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया है।

दिनभर रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। रात्रि में भजन-कीर्तन के पश्चात महाआरती संपन्न होगी तथा श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद का वितरण किया जाएगा। उप मठाधीश शिवम् पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवनगर वार्ड क्रमांक 3 स्थित बड़ी उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में भी आकर्षक सजावट की गई है। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ शाम 7 बजे महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन रखा गया है। आरती के पश्चात प्रसादी का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति अध्यक्ष पारसमल भोई ने बताया कि श्री कालभैरव मुक्तिधाम परिसर में भी प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष विशेष आयोजन रखा गया है। मंदिर को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। सायंकाल हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य महाआरती संपन्न होगी, जिसके पश्चात खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। आयोजन समितियों द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महाशिवरात्रि पर्व को भक्तिमय वातावरण में मनाने की अपील की गई है।

Related Post