मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के निर्देशन में भगवान पशुपतिनाथ लोक परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में मंदिर समिति के पुजारीगण, बटुक, सुरक्षाकर्मी, सफाईकर्मी एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। रैली के दौरान मंदिर, लोक परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्थित छुटकर व्यापारियों, फूल-माला विक्रेताओं तथा श्रद्धालुओं को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। सभी को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैलियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया तथा कपड़े की थैलियों का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य मंदिर के साथ लोक परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। इसके अतिरिक्त, पशुपतिनाथ लोक परिसर में मंदिर कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को SDRF की टीम द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में अग्निशमन यंत्रों के उपयोग, भगदड़ की स्थिति को नियंत्रित करने, आपदा की परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। जिला प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।