जावद। नीमच शहर के समीप नीमच-नसीराबाद हाईवे स्थित जैतपुरा फंटा पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार ट्रेलर और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। यह हादसा नीमच सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कार जैतपुरा फंटे से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। कार में सवार तीनों महिलाएं जावद की निवासी हैं। टक्कर के बाद वे कार में फंस गई थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों की तत्परता से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत नीमच के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस ने ट्रेलर एवं क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।