नीमच। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सावन में 148.60 लाख की लागत से बनने वाले सावन से बालाजी मंदिर पहुंच मार्ग का भूमि पूजन एवं 15 लाख रूपए की लागत से निर्मित डोम का लोकार्पण विधायक दिलीपसिंह परिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि पहले बालाजी मंदिर तक जाने में ग्रामीणों को कीचड से गुजरना पडता था, लेकिन सडक बन जाने के बाद उन्हें आवागमन में आसानी होगी।
मध्यम एवं गरीब तबके को ध्यान में रखते हुए विधानसभा क्षेत्र की सभी 68 पंचायतों में सामुदायिक डोम के लिए 15-15 लाख रूपए की राशि आवंटित की गई है, जिससे समाज के अन्तिम पायदान पर खडे व्यक्ति पर भी जन्मदिन, विवाह एवं मौसर आदि कार्यक्रमों को करने के लिए आर्थिक बोझ न उठाना पडे। गांवों में विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मां भादवा की कृपा से भादवामाता लोक का निर्माण हो रहा है। भादवामाता में 20 बेड का अस्पताल और फिजियोथैरेपी सेन्टर बन रहा है। मां बीसभुजा की कृपा से सावन में भी अस्पताल का भवन बन रहा है। गांव गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। किसान भाई खेती के साथ साथ गौपालन, भैंसपालन एवं बकरीपालन भी करें। प्रदेश सरकार दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश को नं.1 बनाना चाहती है। इसके लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर योजना के तहत पशुपालकों को 20 प्रतिशत की सब्सिडी दे रही है। देश में कृशि लाभका धंधा बने, किसानों की आय दोगुना हो इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कृशि मंत्री शिवराजसिंह चौहान लगे हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गांव गांव में विकास कार्यों की गंगा बहा रही है। पण्डित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके किए कार्यों को याद करते हुए श्री परिहार ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म और मानववाद पर जोर दिया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और डॉ. मोहन यादव सबका साथ सबका विकास के साथ भारत को आत्मनिर्भर बनाते हुए पुनः विश्वगुरू बनाने के कार्य में लगे हैं। जी राम जी योजना के माध्यम से अब गांव के विकास की योजना गांव के पंच और सरपंच मिलकर बनाएंगे। इस योजना में अब 125 दिन की मजदूरी दी जाएगी। अगर कोई बेरोजगार रहेगा तो उसे बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा। गांधीसागर का पानी नीमच जिले के प्रत्येक गांवों में लाने की योजना मंजूर हो गई है। खेत सडक योजना भी शीघ्र प्रारंभ होगी। गांवों में कुटीर उद्योग स्थापना के लिए सरकार 40 प्रतिशत सब्सिडी दे रही है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदाबाई मदनलाल धनगर, भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अर्जुनसिंह सिसोदिया, निलेश पाटीदार, मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूजा अनिल शर्मा, महामंत्री महेश गुर्जर, जनपद सदस्य रतन मालावत, सरपंच जितेंद्र माली, लाला सेन, पूर्व सरपंच मानसिंह गुर्जर, सरपंच देवकिशन शर्मा, दिलीप पुरोहित, नवलकृष्ण सुरावत एवं बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सावन के ग्रामवासी उपस्थित थे।