सिंगोली। तहसील के ग्राम झांतला में शुक्रवार को संकल्प से समाधान योजना के तहत क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। उक्त शिविर जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम प्रीति संघवी नाहर, जनपद सीईओ शैलेंद्र सिंह सिंगोली तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल सरपंच श्रीमती पूजा विनोद धाकड़, जनपद प्रतिनिधि राजेश शर्मा, पूर्व सरपंच ओंकार लाल पटेल, शांतिलाल धाकड़, राधेश्याम आडवाणी, सरपंच राजू मेघवंशी, सुगनचंद धाकड़, लादूलाल शर्मा धनगांव की उपस्थिती में संपन्न किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि शासन प्रशासन का लक्ष्य है कि हर व्यक्ति को मूलभूत व बुनियादी सुविधा मिलनी चाहिए, कोई भी पात्र व गरीब आदमी योजना से वंचित ना रहे। विभिन्न विभागों द्वारा हर व्यक्ति के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरतमंद व पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठाएं। श्री चंद्रा ने बताया कि विकसित व समृद्ध भारत बनाने के लिए शिक्षा अनिवार्य है। कोई भी व्यक्ति शिक्षा से वंचित ना रहे, शिक्षा से ही समृद्ध समाज व राष्ट्र विकसित हो सकता है। सभी को उत्तम स्वास्थ्य उपलब्ध हो, कोई भी बच्चा कुपोषित ना रहे। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों की योजनाओं का संक्षिप्त व्याख्यान कर इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है व झांतला क्षेत्र की मूलभूत व बुनियादी सुविधाओं को तत्काल निराकरण करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव व एसडीएम प्रीति संघवी नाहर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सभी विभागों के 48 आवेदन पंजीयन किए गए व उनका तत्काल निराकरण करने हेतु संबंधित विभाग को सौंपे गए। कार्यक्रम का संचालन अतिथि शिक्षक पंकज शर्मा द्वारा किया गया आभार अभिव्यक्ति जनपद सीईओ शैलेंद्र सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित थे।