Latest News

सरवानिया महाराज में पांच दिवसीय कैरियर मेले का आयोजन, विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन

Neemuch headlines January 31, 2026, 5:05 pm Technology

सरवानिया महाराज।मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरवानिया महाराज में दिनांक 27 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पांच दिवसीय कैरियर मेले का आयोजन किया गया। कैरियर मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी देना एवं उन्हें भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करना रहा। पांच दिवसीय इस आयोजन के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न वेबीनार, व्याख्यान, संवाद सत्र एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, तकनीकी, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, रक्षा सेवाएं, व्यवसाय, स्वरोजगार एवं अन्य उभरते करियर विकल्पों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर चयन से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कैरियर मेले के अंतिम दिवस आयोजित समापन समारोह में संकुल प्राचार्य रामकरण मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में विनोद राठौर, बच्छराज जाट, खेमल कुमार चंद्रावत, राजरतन एवं धीरज मंडोरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। विद्यालय की प्राचार्य स्मिता नागदा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन एवं निरंतर परिश्रम के महत्व से अवगत कराते हुए भविष्य की मांग के अनुरूप विषय चयन एवं करियर निर्माण हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन देवी सिंह देवड़ा द्वारा किया गया। अंत में आशीष खिचावत ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।

Related Post