नीमच। नीमच शहर के इन्दिरा नगर में 22 जनवरी के दिन इतिहास बन गया।
इंदिरा नगर राम प्राण प्रतिष्ठा द्वितीय वर्ष महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। ऐसे मे इंदिरा नगर में राम भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर प्रभात फेरी मंडल द्वारा राम प्राण प्रतिष्ठा द्वितीय वर्ष महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से किया गया। इस अवसर पर प्रातः 7:00 बजे मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में राम भक्त एकत्रित हुए।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुकेश धनगर ने बताया कि लगभग 500 वर्षों के संघर्षों के पश्चात 22 जनवरी 2024 को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण पूर्ण हुआ था, उसी ऐतिहासिक क्षण से पूरे देश में राम धुन का शुभारंभ हुआ। इंदिरा नगर के सनातनियों ने उस पावन ध्वज को आज भी अपने हाथों में थामे रखा है और पिछले दो वर्षों से अखंड, अनवरत राम धुन बिना रुके निरंतर चल रही है। चाहे ठंड हो, गर्मी हो या वर्षा—राम धुन कभी खंडित नहीं हुई।राम प्राण प्रतिष्ठा द्वितीय वर्ष महोत्सव को इस वर्ष पांच दिवसीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रभात फेरी मंडल की लगभग 150 से 200 मातृशक्ति, पुरुष वर्ग एवं युवा साथियों ने बीते 10 दिनों से पूरे क्षेत्र में घर-घर जाकर पीले अक्षत वितरित कर कार्यक्रम का निमंत्रण दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में राम नाम की अलख और भक्ति की लहर दौड़ पड़ी। प्रातः कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ, इसके पश्चात मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान की महाआरती संपन्न हुई। आरती के उपरांत सभी राम भक्त अपार श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ प्रभात फेरी के रूप में इंदिरा नगर के भक्ति मार्ग पर निकले। यह दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो राम भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा हो, राम धुन प्रभात फेरी इंदिरा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भगवानपुरा चौराहा, इंदिरा नगर विस्तार, न्यू इंदिरा नगर होते हुए पुनः मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर पहुंची। मार्ग में सैकड़ों स्थानों पर पुष्पवर्षा, दीप प्रज्वलन, ध्वज पूजन एवं आरती के माध्यम से राम भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह दीपकों की सजावट से पूरा क्षेत्र दिवाली के उत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था। कई स्थानों पर पटाखे जलाकर राम धुन प्रभात फेरी का अभिनंदन किया गया।
मंदिर परिसर में पुनः एकत्रित होकर सभी राम भक्त लगभग एक घंटे तक राम भक्ति में लीन रहे और भक्ति संगीत पर आनंद एवं उत्साह के साथ झूमते नजर आए। संपूर्ण वातावरण ऐसा लग रहा था मानो स्वयं आराध्य प्रभु श्रीराम इस क्षेत्र में विराजमान हो गए हों। कार्यक्रम के समापन पर मनीष चौधरी ने सभी राम भक्तों, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, एवं सभी पत्रकार साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने निवेदन किया कि यह पांच दिवसीय महोत्सव सभी के सहयोग और सहभागिता से ही सफल होगा। उन्होंने बताया कि आज कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है तथा आगामी चार दिनों में और भी भव्य धार्मिक आयोजन होंगे। साथ ही 24 जनवरी से तीन दिवसीय “नानी बाई का मायरा” का आयोजन भी किया जाएगा। पूरे इंदिरा नगर क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर अपार उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। प्रभात फेरी का आकर्षक स्वरूप देखते ही बन रहा था। नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा व समाजसेवी संतोष चौपड़ा ने भी प्रभात फेरी का स्वागत किया और सहभागिता निभाई। महिलाओं मे श्रीराम की भक्ति का जोश व उत्साह देखते ही बन रहा था रामधुन में लीन महिलाये भक्ति में नाचते गाते चल रही थी।
आगे आगे पुरूष चल रहे थे वही महिलाये पीछे चल रही थी बीच में बैण्ड चल रहा था जिसमें बज रही रामधुन ने सबका मन मोह लिया।