नीमच। दिनाँक 14 जनवरी मकर संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर नौजवान और बच्चे पतंग उड़ाएंगे। आजकल पतंग उड़ाने में खतरनाक जानलेवा चाइनीज डोर मांझे का उपयोग किया जाता है जिससे कई घटनाएं घट रही हैं।
मंजे से हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नीमच यातायात पुलिस द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। खासतौर पर दुपहिया वाहन चालकों को। क्योंकि अधिकतर इसकी चपेट में बाइक सवार ही आते हैं। आज सुबह नीमच के प्रमुख चौराहा फव्वारा चौक पर यातायात पुलिस की टीम ने वाहन चालकों को रोक कर समझाईश दी। और उन्हें गले में धारण हेतु मफलर वितरित किए। पुलिस ने सभी जनता से अपील करते हुए कहा है कि अपने बच्चों का ध्यान रखें। मकान की छतों पर बच्चों को ना जाने दें। पतंग लूटने बच्चे भागते हुए दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं अतः बच्चों को रोकें। यातायात पुलिस की टीम नीमच द्वारा पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आज शाम 7:00 बजे भी चोपड़ा चौराहा सीआरपीएफ रोड पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।