Latest News

सीएम भजनलाल शर्मा एवं वित्त राज्यमंत्री चौधरी 12 को निम्बाहेड़ा में विशाल किसान सम्मेलन में करेंगे शिरकत

Neemuch headlines March 6, 2024, 6:59 am Technology

विधायक कृपलानी ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण, अधिकारियों की ली तैयारी बैठक

निम्बाहेड़ा। भारतीय जनता पार्टी निम्बाहेड़ा द्वारा स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण में आगामी 12 मार्च को विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 12 मार्च को पहली बार निम्बाहेड़ा आएंगे, उनके साथ केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रत्याशी सीपी जोशी भी मौजूद रहेगें।

इस सम्बंध में मंगलवार को विधायक एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने मंडी कार्यालय में अधिकारियों की तैयारियों को लेकर बैठक ली तथा सभा स्थल व पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। विधायक कृपलानी ने बताया कि 12 मार्च को आयोजित होने वाले किसान सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहली बार विधानसभा क्षेत्र में पधार रहे हैं, उनके साथ केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहेगें।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में आज कृषि उपज मंडी प्रांगण में इस किसान सम्मेलन के आयोजन स्थल एवं पार्किंग व्यवस्था के लिए स्थान का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यापक स्तर पर तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस किसान सम्मेलन में जिले के समस्त विधायकों के साथ ही पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के नीमच जिले के विधायकगण भी मौजूद रहेगें। विधायक कृपलानी ने बताया कि इस किसान सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहली बार निम्बाहेड़ा आ रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे को लेकर क्षेत्र के किसान वर्ग में खासा उत्साह हैं, वहीं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के आने से क्षेत्र के अफीम काश्तकारों की समस्याओं के समाधान के साथ ही शेष रहे कार्यों के क्रियान्वयन के लिए पहल होगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पुलिस उप अधीक्षक बेनी प्रसाद मीणा, नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पंस प्रधान बगदीराम धाकड़, विरेश चपलोत, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गब्बर सिंह अहीर, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, पूर्व किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शम्भूलाल जाट, तहसीलदार गोपाल जीनगर, कोतवाली थानाधिकारी रामसुमेर मीणा, सदर थानाधिकारी संजय शर्मा, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी अभिषेक शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन सेठिया, मंडी सचिव संतोष कुमार मोदी, क्रेता व्यापार संघ अध्यक्ष नानालाल भूतड़ा, युवा व्यापार संघ अध्यक्ष कमलेश दुग्गड, महामंत्री अभिषेक वडारा, निलेश सहलोत, मनोज मेहता, मोनू मारू आदि मौजूद रहे।

Related Post