मंदसौर। गुजरात विधानसभा की ऐतिहासिक जीत के बाद सांसद सुधीर गुप्ता का संसदीय क्षेत्र में आगमन हुआ। जिसके बाद उनके निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी कर उनका भव्य स्वागत किया। उत्तर मंडल, युवा मोर्चा, अंत्योदय प्रकोष्ठ, सुवासरा शामगढ़, पिपलिया, दलोदा धुंधडका, मल्हारगढ़, गरोठ जावरा सहित अन्य मंडल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सांसद सुधीर गुप्ता का पुष्पहारो व शाल श्रीफल से स्वागत किया। ज्ञात रहे कि सांसद सुधीर गुप्ता गुजरात चुनाव के सहप्रभारी थे एवं गुजरात विधानसभा चुनाव की ऐतिहासिक जीत में उनका भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत हूं यह कार्यकर्ताओं की जीत है जिनकी मेहनत और लगन से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और विकास के नए कीर्तिमानांे को छू रहा है। गुजरात की जनता का वैसे तो भाजपा पर हमेशा आशीर्वाद बना रहा है। इस बार भी हमें पूर्ण विश्वास था कि जनता हमें अपना भरपूर आर्शीवाद देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश सहित गुजरात में जो विकास कार्य किए हैं उनका प्रतिफल जनता ने दिया है। गुजरात की जनता ने सिर्फ विकास करने वाली भाजपा को चुना है। सांसद सुधीर गुप्ता ने गुजरात की जनता का आभार प्रकट करते हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत की भी प्रशंसा की और उन्हें भी बधाई दी।